अपराधदेश

पारिवारिक विवाद में कमरे में सो रहे दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला

हालत गंभीर, भेजे गये ट्रामा सेंटर

 

जौनपुर:बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव गांव में गैलरी के पार्टीशन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद रविवार तड़के खूनी संघर्ष में बदल गया। दूसरी मंजिल के कमरे में सो रहे दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर महिला सहित तीन आरोपितों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से शाहापुर निवासी लाल बहादुर सिंह के दो पुत्र आनंद सिंह और सुभाष सिंह बारीगांव में मकान बनाकर रहते हैं। दोनों परिवारों के बीच मकान की गैलरी में पार्टीशन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कई बार ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

आरोप है कि रविवार तड़के करीब तीन बजे आनंद सिंह के पुत्र राज सिंह और उदय सिंह दूसरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष कुल्हाड़ी लेकर कमरे में पहुंचा और दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बरसठी थाने में मुकदमा संख्या 288/2026 के तहत हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में नीरज सिंह पत्नी सुभाष सिंह निवासी बारीगांव, जिलेदार सिंह पुत्र स्व. शालिग्राम सिंह निवासी बारीगांव तथा सुनील सिंह पुत्र कमला प्रसाद सिंह निवासी कान्हपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों का चालान कर न्यायालय भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button